मानसून उत्तराखंड से इसी सप्ताह विदा हो सकता है, लेकिन उससे पहले कुछ जनपदों में अगले दो दिन एक से दो दौर भरी वर्षा हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार को कुमांऊ मंडल के बागेश्वर व पिथौरागढ़ और गढ़वाल मंडल के देहरादून, रुद्रप्रयाग व चमोली जनपदों में भारी वर्षा हो सकती है।
इसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जनपदों में कहीं-कहीं बादल छाए रहने और हल्की वर्षा हो सकती है। मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
शुक्रवार रात आठ बजे से प्रारंभ हुई भारी वर्षा करीब 12 बजेतक जारी रही। इस बीच दून के झाझरा में 72.2 मिमी और आशारोड़ी में 71.7 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई। शनिवार दोपहर को भी शहर के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा हुई। लेकिन कुछ देर बाद धूप भी खिली रही।
इस दौरान देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम 29.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन अधिक 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पंतनगर का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 30.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन अधिक 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम 19.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक अधिक 13.1 डिग्री सेल्सियस रहा। टिहरी का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन अधि 23.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार रविवार को पांच जनपदों में रविवार को भारी वर्षा हो सकती है। आगे सोमवार से एक बार फिर मौसम खुलने की संभावना बनी है।